उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनिरीक्षण

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में डीएम ने किया ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों की जांच, सीलन की समस्या के समाधान के लिए गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश

नई टिहरी, 04 अगस्त(दिलीप शर्मा): जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस में निर्वाचन आयोग के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयर हाउस में लागू डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती तथा अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रूप से संचालित रहें।

इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस के निचले तल पर सीलन की समस्या के समाधान के लिए चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि वेयर हाउस की सुरक्षा और संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर वेयर हाउस का निरीक्षण किया जाता है और सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाती है।

निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि गब्बर सिंह रावत एवं नवीन सेमवाल, निर्वाचन विभाग से मनोज भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button