कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की तत्परता से बेहोश कांवड़िये को समय पर मिली मदद
PWD तिराहे पर मिर्गी का दौरा पड़ने से सड़क पर गिरा दिल्ली का कांवड़िया, पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर पहुंचाया अस्पताल

ऋषिकेश, 4 अगस्त(दिलीप शर्मा): कांवड़ यात्रा के दौरान ऋषिकेश पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई एक बार फिर देखने को मिली। मंगलवार को दिल्ली के मंगोलपुरी से आए कांवड़ियों के एक जत्थे के साथ चल रहे एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मिर्गी का दौरा पड़ने से वह चलते-चलते PWD तिराहे के समीप सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़िया नीरज कुमार पुत्र विक्रम पाल अपने दोस्तों योगेश, सचीन आदि के साथ जो मंगोलपुरी (दिल्ली) निवासी है, अचानक सड़क पर गिर गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
PWD तिराहे पर तैनात एडिशनल एसआई चमन सिंह, कांवड़ियों के बेस में तैनात हेड कांस्टेबल शुभकरण पाल, हेड कांस्टेबल राकेश चंद बडोला तथा होमगार्ड प्रकाश आर्य सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कांवड़िये को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके साथ ही तत्काल एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम ने एंबुलेंस पहुंचने तक नीरज कुमार की देखभाल करते हुए आवश्यक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू कराया गया।
घटना के दौरान पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार की मौजूद लोगों एवं अन्य कांवड़ियों ने सराहना की। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम लगातार मुस्तैदी के साथ विभिन्न प्रमुख स्थलों पर तैनात है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।










