मुनिकीरेती-ढालवाला में नगर विकास को मिलेगी रफ्तार: पार्किंग से लेकर वर्चुअल दर्शन तक कई प्रस्तावों पर सहमति


टिहरी/मुनिकीरेती(ऋषिकेश), 1 अगस्त : नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में नगर क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 16 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिसमें दोपहिया वाहन पार्किंग से लेकर वर्चुअल रियल्टी दर्शन, आधार केंद्र, आधुनिक पुस्तकालय निर्माण, स्मार्ट मीटर, महिलाओं को रोजगार, भवनकर शुल्क वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।
मुख्य मार्गों पर पार्किंग की समस्या का मिलेगा समाधान
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे दोपहिया वाहनों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा प्रदान करने के लिए पीडब्लूडी तिराहे के समीप पार्किंग का निर्माण कराया गया है। शीघ्र ही इसका टेंडर प्रक्रिया पूरी कर इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे शहर की सड़कों पर अनियंत्रित पार्किंग से निजात मिलेगी।
पर्यटकों को वर्चुअल रियल्टी से कराए जाएंगे चारधाम के दर्शन
बैठक में नगर क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए वर्चुअल रियल्टी के माध्यम से चार धामों, अयोध्या राम मंदिर, उज्जैन महाकाल और काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराने की योजना पर चर्चा हुई। बोर्ड सदस्यों ने वर्चुअल दर्शन का अनुभव भी लिया और इसे सराहा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस पर विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
स्मार्ट मीटर को लेकर फैला भ्रम, अधिकारियों ने दी जानकारी
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित होकर स्मार्ट मीटर को लेकर फैले भ्रम को दूर किया। एसडीओ एनएस नेगी ने बताया कि फिलहाल मीटरों में रिचार्ज सिस्टम लागू नहीं है, लेकिन भविष्य में इसे शुरू किया जाएगा। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की।
आधार केंद्र की जल्द शुरुआत
नगर क्षेत्र में आधार केंद्र की मांग को देखते हुए पालिकाध्यक्ष ने बताया कि जिलाधिकारी से वार्ता के बाद अगस्त माह में पालिका स्तर पर आधार केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
शीशम झाड़ी में पेयजल लाइन बिछाने की मांग
वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने शीशम झाड़ी क्षेत्र में अधूरी पड़ी पेयजल लाइन को शीघ्र पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधूरी लाइन के कारण क्षेत्र के कई हिस्सों में सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। साथ ही उन्होंने सभी निर्माण कार्यों से पहले पालिका की अनुमति लेना अनिवार्य करने का सुझाव भी दिया।
भवनकर की नकल के शुल्क में बढ़ोतरी
पालिका की ओर से भवनकर की नकल प्राप्त करने के शुल्क को बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है। अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने बताया कि अब 10 रुपये के स्टांप पेपर पर भवनकर की नकल दी जाएगी। बोर्ड ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई।
राजीव ग्राम में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि वार्ड 09 स्थित राजीव ग्राम के पास एक अत्याधुनिक पुस्तकालय का निर्माण जल्द शुरू होगा। इस पुस्तकालय में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को लाभ होगा।
पालिका समितियों का होगा गठन
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि जल्द ही निर्माण समिति, कर समिति, क्रय-विक्रय समिति सहित अन्य समितियों का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से पालिका कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जाएगी।
स्थानीय महिलाओं को मिलेगा रोजगार
वार्ड 06 की सभासद बबीता रमोला ने स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का मुद्दा उठाया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि यह विषय उनकी प्राथमिकता में है। पालिका द्वारा स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में अधिकारी एवं सभासद रहे उपस्थित
बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, सभासद मीनू, विनोद खंडूड़ी, सचिन रस्तोगी, बृजेश गिरी, बबीता रमोला, लक्ष्मण सिंह, स्वाति पोखरियाल, रेखा, गजेंद्र सिंह सजवाण, विनोद सकलानी, निशा नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: दिलीप शर्मा
स्थान: मुनिकीरेती-ढालवाला









