उत्तराखंडऋषिकेशश्री कृष्ण जन्माष्टमी

जन्माष्टमी पर विभिन्न मंदिरों में पहुंचे डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

ऋषिकेश और डोईवाला के विभिन्न मंदिरों में की पूजा-अर्चना, श्रीकृष्ण झांकियों का किया अवलोकन

ऋषिकेश/डोईवाला, 4 सितंबर(दिलीप शर्मा): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश में गोपाल मंदिर, मधुबन आश्रम, राम मंदिर आईडीपीएल, दुर्गा मंदिर अमित ग्राम गुमानीवाला तथा दुर्गा मंदिर देहरादून रोड़ पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों में सजाई गई आकर्षक श्रीकृष्ण झांकियों का अवलोकन किया और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

डोईवाला में जन्माष्टमी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

ऋषिकेश के कार्यक्रमों के उपरांत डॉ. अग्रवाल सिद्ध पीठ मंदिर शक्ति भवन, डोईवाला तथा श्री मनोकामना सिद्ध पीठ मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला चौक बाजार, डोईवाला में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है श्रीकृष्ण का जीवन

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, सत्य, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्म का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला उत्सव भी है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

उत्तराखंड की सुख-शांति और समृद्धि की कामना

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए, यही उनकी कामना है। उन्होंने सभी लोगों से पर्व को श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button