
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस (International Day of Clean Air for Blue Skies) के अवसर पर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश के तत्वावधान में ऋषिकेश पब्लिक स्कूल में ‘क्लीन एयर अवेयरनेस प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कर स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ऋषिकेश के महापौर श्री शंभू पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त श्रीमती अंकिता जोशी, ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य श्री एस.एस. भंडारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन की आधारशिला
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों, स्वच्छ वायु के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस दिशा में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अधिक से अधिक पौधारोपण करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, पैदल चलने एवं साइकिल के प्रयोग को बढ़ावा देने, कचरा कम करने तथा ऊर्जा की बचत जैसे उपाय अपनाने का आह्वान किया गया।
स्लोगन और पेंटिंग प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
क्लीन एयर अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत आयोजित स्लोगन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छ हवा, हरित पर्यावरण और प्रदूषणमुक्त शहर का संदेश दिया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों और नारों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना देखने को मिली।
महापौर ने दिलाई स्वच्छता एवं प्रदूषणमुक्त ऋषिकेश की शपथ
कार्यक्रम के दौरान महापौर शंभू पासवान ने विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने शहर को प्रदूषणमुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छ वायु के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ वायु, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और स्वस्थ ऋषिकेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।





