नीलकंठ महादेव वार्षिक जागरण महोत्सव का भव्य समापन, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की शिरकत
सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिर में की पूजा-अर्चना, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

टिहरी गढ़वाल,10 अगस्त(दिलीप शर्मा):नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के गजा तहसील अंतर्गत ग्राम बमणगांव, पट्टी क्वीली-खगसांण में आयोजित तीन दिवसीय श्री नीलकंठ महादेव वार्षिक जागरण महोत्सव का सोमवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच विधिवत समापन हुआ। सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर आयोजित समापन समारोह में नरेंद्रनगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
महोत्सव के समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से संवाद भी किया।
ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता : सुबोध उनियाल
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गजा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं को विकसित करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
ग्रामीणों ने सौंपा मांग-पत्र, अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
महोत्सव के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी समस्याओं और मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री को मांग-पत्र सौंपा। मंत्री सुबोध उनियाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बमणगांव, कोट और मणगांव में ग्रामीणों से किया संवाद
क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बमणगांव, कोट और मणगांव का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और आवश्यक सुविधाओं को लेकर संवाद किया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
लोकगीत और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोककला एवं लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। लोकगायक प्रवीण कोहली एवं गायक मनीष विश्वकर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति के रंगों ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
वर्ष 2012 में शुरू हुई थी वार्षिकोत्सव की परंपरा
श्री नीलकंठ महादेव वार्षिकोत्सव का आयोजन ग्रामीणों की एकता और सामूहिक सहभागिता के प्रतीक के रूप में वर्ष 2012 में शुरू किया गया था। इस वर्ष महोत्सव की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय जागरण का आयोजन किया गया।
सावन माह के दौरान नीलकंठ महादेव मंदिर में विशेष जलाभिषेक, अखंड ज्योति एवं तीन दिवसीय जागरण की परंपरा निभाई जाती है। आयोजन में क्षेत्र के ग्रामीण बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
मंडाण के माध्यम से होता है देवी-देवताओं का आवाहन
मंदिर से जुड़ी प्राचीन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रात्रिकालीन कार्यक्रम के दौरान ढोल-दमाऊ की थाप पर मंडाण के माध्यम से देवी-देवताओं का आवाहन किया जाता है। धार्मिक आस्था और उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े इस आयोजन में ग्रामीणों की विशेष सहभागिता रहती है।
महोत्सव ने एक ओर जहां ग्रामीणों को धार्मिक आस्था से जोड़ा, वहीं दूसरी ओर लोक संस्कृति एवं सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बमणगांव शीला देवी, ग्राम प्रधान ददेली सीमा देवी, जिला पंचायत सदस्य बैरोला जोत सिंह असवाल, उपप्रधान बमणगांव ललित बिजल्वाण, ग्राम प्रधान सैण धन सिंह सजवाण, घंटाकर्ण धाम समिति अध्यक्ष विजय प्रकाश बिजल्वाण, मंदिर समिति अध्यक्ष रविन्द्र मुयाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष शैलेश मुयाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्रनगर ईश्वरी प्रसाद बिजल्वाण, गजा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मंडी अध्यक्ष वीर सिंह रावत सहित मुख्य कृषि अधिकारी, तहसीलदार नरेंद्रनगर, शिक्षा विभाग एवं जल निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालुओं ने महोत्सव में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।




