उत्तराखंडऋषिकेशश्रद्धांजलि

नेपाल त्रासदी में मृतकों को छिद्दरवाला में दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने जलाया मोमबत्ती का दीप

दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना, बोले—दुख की इस घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है भारत

 

ऋषिकेश/छिद्दरवाला 4 सितंबर(दिलीप शर्मा): नेपाल में आई भीषण त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम छिद्दरवाला में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता की। उन्होंने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और मोमबत्ती जलाकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने नेपाल में हुई त्रासदी को अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत सहित दुनिया के प्रत्येक संवेदनशील व्यक्ति की भावनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मानवता के नाते सभी का दायित्व है कि संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ मजबूती से खड़े रहें और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करें।

भारत सरकार के राहत प्रयासों की सराहना

डॉ. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत सरकार की ओर से अब तक पांच चरणों में विभिन्न माध्यमों से राहत सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से संकट की घड़ी में अपने पड़ोसी देश नेपाल के साथ खड़ा रहा है और मौजूदा त्रासदी में भी हरसंभव सहयोग किया जा रहा है।

लापता लोगों के सकुशल होने की कामना

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नेपाल सरकार के अनुसार त्रासदी में सैकड़ों लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां बेहद कठिन और चिंताजनक हैं। इसके बावजूद मानवता के नाते सभी को प्रार्थना करनी चाहिए कि लापता लोग सकुशल हों और उनके परिजनों को जल्द कोई सुखद समाचार प्राप्त हो।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने की सहभागिता

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गोकुल रमोला, मोहर सिंह असवाल, शैलेंद्र रांगढ़, भावना गुरुंग, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा, राकेश रावत, उप प्रधान अमर खत्री, उत्तम भंडारी, कुंवर सिंह गुसाईं, गोरखाली सुधार सभा अध्यक्ष किशन थापा, मंदिर समिति अध्यक्ष धीरज थापा, तीज समिति अध्यक्ष संगीता गुरुग, दीपक थापा, आरती थापा, आनंद भंडारी, स्नेह लता भंडारी, पूर्ण बहादुर मल्ल, अंबर गुरूंग सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button