



ऋषिकेश, 5 सितंबर(दिलीप शर्मा): रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लाची फाउंडेशन की ओर से दुर्गा मंदिर, मालवीय नगर में ‘Blood Donor Appreciation Ceremony-2026’ का आयोजन किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे रक्तवीरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित कर उनके सेवाभावी कार्यों को नमन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहे लोगों की मौजूदगी ने सामाजिक सेवा और मानवता का संदेश दिया।
समारोह में कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत सहित देश के विभिन्न हिस्सों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं के प्रतिनिधि, रक्तदाता और युवा स्वयंसेवक शामिल हुए। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे रक्तवीरों की सहभागिता ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
रक्तदाताओं को सम्मानित कर बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में लाची फाउंडेशन के फाउंडर रोहित बिजलवान एवं उनकी पूरी टीम ने रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रक्तवीरों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वाले रक्तदाताओं ने भी रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
‘रक्तदान केवल दान नहीं, किसी को जीवन देने का संकल्प’
समारोह को संबोधित करते हुए कहा गया कि रक्तदान महज एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का संकल्प है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे कठिन समय में स्वैच्छिक रक्तदाता जरूरतमंद के लिए जीवनदाता बनकर सामने आता है।
निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का योगदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। रक्तवीरों का सम्मान न केवल उनके सेवा कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है, बल्कि अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है।
अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान से जोड़ने की अपील
समारोह के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सकती है।
इस अवसर पर देशभर से पहुंचे रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की गई।
जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर जारी रहेगा अभियान : रोहित बिज्लवाण
लाची फाउंडेशन के फाउंडर रोहित बिजलवान ने कहा कि संस्था रक्तदान और जनसेवा के क्षेत्र में भविष्य में भी निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन और समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए इस तरह के आयोजन आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों से जुड़कर समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का आह्वान किया।







