मदर टेरेसा चिल्ड्रन एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
प्रधानाचार्य रीना जायसवाल ने उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों को स्मृति चिन्ह व उपहार देकर किया सम्मानित




ऋषिकेश, 5 सितंबर(दिलीप शर्मा): मालवीय नगर स्थित मदर टेरेसा चिल्ड्रन एकेडमी में शिक्षक दिवस का पर्व शनिवार को उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रीना जायसवाल एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा मदर टेरेसा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य रीना जायसवाल ने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक और राष्ट्र के निर्माता होते हैं। बच्चों को सही दिशा देने, उनके व्यक्तित्व का निर्माण करने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के सम्मान में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरणादायक भाषण एवं नाटक प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भावुक कर दिया।
उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों का सम्मान
समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रीना जायसवाल ने उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं विद्यालय के प्रति समर्पण के लिए श्रीमती शिखा गोस्वामी, गीता यादव, प्रिया भट्ट, निशा राणा, रेखा रावत, अंजू सिंह, पूनम, स्वाति, जोनी गूलवर, प्रियंका, भूमिका, विद्यांशी, आयुषी एवं सरोजनी को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके योगदान को सदैव सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से भी शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके साथ ही शिक्षक दिवस कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।





