गुरुपूर्णिमा पर टिहरी में आध्यात्मिक उल्लास, मुख्यमंत्री का संदेश संतों तक पहुंचाया गया
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गायत्री शक्तिपीठ में किया प्रतिभाग, देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद किए भेंट

नई टिहरी, 29 जुलाई(दिलीप शर्मा): गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर टिहरी मुख्यालय स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में आयोजित गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से संतों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद भेंट कर सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गुरु परंपरा के प्रति विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
‘गुरु जीवन को सही दिशा दिखाने वाले पथप्रदर्शक’
गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संतों, श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु वह होता है, जो व्यक्ति को सत्य, ईमानदारी और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गुरु का स्थान अत्यंत श्रेष्ठ है और जिस व्यक्ति को गुरु का सम्मान प्राप्त है, उसे अपने आचरण से समाज के लिए आदर्श बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति का चरित्र श्रेष्ठ होगा तो परिवार मजबूत होगा और सशक्त परिवारों से ही एक समृद्ध एवं सुदृढ़ राष्ट्र का निर्माण संभव है। व्यक्ति के विचार और व्यवहार पर उसके परिवेश का गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि टिहरी के लोगों की सकारात्मक सोच इस जनपद की विशेष पहचान है।
नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने का किया आह्वान
जिलाधिकारी ने कहा कि गायत्री परिवार समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसा वातावरण तैयार किया जाना चाहिए, जिससे बच्चों और नई पीढ़ी को उत्तम संस्कार प्राप्त हों। समाज का वातावरण जितना सकारात्मक होगा, आने वाली पीढ़ी उतनी ही सशक्त और संस्कारवान बनेगी।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने गुरुजनों का सम्मान करने, उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
अनेक गणमान्य लोग रहे उपस्थित
गुरुपूर्णिमा महोत्सव में नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, शांतिकुंज से बी.पी. बधानी, देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह राणा, कृष्ण भूषण पेटवाल सहित अनेक संतजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह श्रद्धा, सम्मान और गुरु परंपरा के प्रति समर्पण के भाव के साथ संपन्न हुआ।










