कांवड़ मेला-2026: ढालवाला बायपास मार्ग पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
पुलिस-प्रशासन और नगर निकाय की संयुक्त कार्रवाई, चार रेहड़ी एवं काउंटर किए गए जब्त

मुनिकीरेती/टिहरी,(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और बाधारहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस प्रशासन एवं नगर निकाय की संयुक्त टीम ने ढालवाला बायपास मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाते हुए चार रेहड़ियां एवं काउंटर जब्त किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान ढालवाला बायपास मार्ग पर श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही अत्यधिक बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे अवैध रूप से रेहड़ी, ठेली या काउंटर न लगाने की सख्त चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सत्ती, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, पुलिस उपनिरीक्षक आशीष रावत, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह तथा राजू सहित नगर निकाय एवं पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।










