कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समन्वय और सतर्कता के निर्देश
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, मजबूत सुरक्षा, सुचारू यातायात और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर, कोतवाली में कंट्रोल रूम स्थापित

ऋषिकेश, 29 जुलाई(दिलीप शर्मा): आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, यातायात संचालन को सुचारू रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालु प्रदेश के अतिथि हैं और उनके साथ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्यवहार सम्मानजनक, सहयोगपूर्ण और संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश
डॉ. अग्रवाल ने यात्रा मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पेयजल के टैंकर लगाए गए हैं, वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही भंडारा स्थलों पर उपयोग किए गए पत्तल, दोने एवं अन्य कचरे का नियमित निस्तारण कराया जाए। इसके लिए भंडारा आयोजकों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।
सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और आपात सेवाओं को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर कोई वाहन खराब हो जाए तो उसे तत्काल हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था हर समय उपलब्ध रहे। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस और अन्य राहत सेवाएं भी पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं।
उन्होंने सभी अधिकारियों को यात्रा अवधि के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहने, अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने तथा किसी भी सूचना अथवा कॉल पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभागवार तैयारियों की ली जानकारी
समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कोतवाली में स्थापित किया गया कंट्रोल रूम
बैठक में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुमकुम जोशी ने जानकारी दी कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कोतवाली में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित कर दिया गया है। इसके माध्यम से यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना प्राप्त कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में तहसीलदार प्रदीप नेगी, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, आरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटियार, आरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, कोतवाल रायवाला कमल लुंटी, एसएसआई ऋषिकेश नवीन जोशी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद, एसडीओ अरविन्द नेगी, जल संस्थान के एसडीओ अरुण विक्रम सिंह रावत, एलआईयू प्रभारी विपिन गुसाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प
बैठक के समापन पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुगम वातावरण में संपन्न हो।











