उत्तराखंडपुलिस बुलेटिनपौड़ी

थाना लक्ष्मणझूला पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर टप्पेबाज, चोरी का पूरा माल बरामद

थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए जनपद अपराध अभिलेख ब्यूरो और राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो से भी संपर्क किया गया है

पौड़ी / लक्ष्मणझूला, 06 जुलाई : लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में बीते रोज थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने एक शातिर टप्पेबाज को गिरफ्तार कर चोरी के पूरे माल के साथ न्यायालय भेजा है।

पुलिस अधीक्षक पौड़ी, लोकेश्वर सिंह द्वारा लक्ष्मणझूला क्षेत्र के गंगा घाटों, आरती स्थलों, मंदिरों, आश्रमों और धर्मशालाओं में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इन आदेशों के तहत थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल के नेतृत्व में चार फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया, जो क्षेत्र में निरंतर गश्त कर रही हैं।

घटना के अनुसार, अभिषेक सोनी निवासी जोधपुर, राजस्थान ने थाना लक्ष्मणझूला में सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ ऋषिकेश से लक्ष्मणझूला घूमने आए थे। परमार्थ निकेतन में गंगा आरती के दौरान उनका ब्राउन रंग का पर्स चोरी हो गया, जिसमें ₹1500 नकद, बैंक ऑफ बड़ौदा का डेबिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

सूचना मिलते ही थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस कप्तान के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया। दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही पूर्व अपराधियों की कुंडली भी जांची गई।

सर्विलांस टीम की सटीक निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते गंगा लाइन रोड़ के पास से अभियुक्त बादल पुत्र हरिराम, निवासी राम तीर्थ नगर, थाना नबी करीम, दिल्ली को चोरी के पूरे माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में गंगा आरती के दौरान रेकी कर पर्यटकों के कीमती सामान चोरी करता है। चोरी का सामान वह सस्ते दामों में बेचकर नशे की सामग्री खरीदता है।

थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए जनपद अपराध अभिलेख ब्यूरो और राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो से भी संपर्क किया गया है। लक्ष्मणझूला पुलिस द्वारा की जा रही ऐसी प्रभावी कार्रवाइयों की स्थानीय संतों और नागरिकों द्वारा भी सराहना की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चोरी के माल के साथ पौड़ी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामझूला उप निरीक्षक उत्तम रमोला, अपर उप निरीक्षक मनोज, हेड कांस्टेबल सुवर्धन और पीआरडी जवान विमल की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button