
ऋषिकेश, 9 जुलाई : आगामी कांवड़ यात्रा के सफल संचालन और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी श्री योगेश मेहरा ने की, जिसमें सर्किल ऑफिसर उत्तराखंड पुलिस श्री संदीप नेगी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश श्री प्रदीप राणा भी उपस्थित रहे।
इस बैठक में व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ ऑटो एवं टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान यात्रा मार्ग और उससे जुड़ी संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन द्वारा तय किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून के बीच नियमित रूप से आने-जाने वाले स्थानीय नागरिकों को पास जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। ये पास कोतवाली ऋषिकेश से प्राप्त किए जा सकेंगे।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था और आपात स्थिति में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक बिंदुओं को पूर्व निर्धारित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी कोई असुविधा न हो।
प्रशासन ने व्यापारी वर्ग एवं परिवहन यूनियनों से सहयोग की अपील करते हुए यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन में योगदान देने का आग्रह किया।









