नगर पालिका कर्मचारियों को सस्ती दरों पर इंश्योरेंस सुविधा मिलेगी
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह ने दिए निर्देश, ईएसआईसी जागरूकता कैंप भी लगेगा
मुनिकीरेती-ढालवाला (दिलीप शर्मा) : नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के कर्मचारियों को अब सस्ती दरों पर बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की जागरूकता के लिए विशेष शिविर भी लगाया जाएगा।

शुक्रवार को राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य विनय प्रताप सिंह नगर पालिका परिषद पहुंचे, जहाँ पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पालिका के सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएँ सुनीं और अधिशासी अधिकारी को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक की टीम ने कर्मचारियों को सस्ती वार्षिक दरों पर उपलब्ध बीमा योजनाओं की जानकारी दी। आयोग सदस्य ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को इन सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने ईएसआईसी की जागरूकता हेतु कैंप आयोजित करने और आउटसोर्स कर्मियों के ठेकेदारों को सफाई यूनियनों के साथ समय-समय पर बैठक करने के निर्देश भी दिए।
मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, प्रभारी पर्यावरण पर्यवेक्षक राजू, मायाराम, महिपाल, बाबू सिंह, मुकुल, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ शाखा मुनिकीरेती के अध्यक्ष कुलदीप, महासचिव आकाश, उत्तरांचल स्वच्छकार समिति अध्यक्ष सचिन सेलवान, कार्यकारी अध्यक्ष अमित, लीड बैंक अधिकारी मनीष मिश्रा, सहायक अभियंता जल संस्थान राजेश चौहान, जेई वैशाली चौहान और पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।










