उत्तराखंडऋषिकेश

खेल प्रशिक्षक युवाओं की प्रतिभा को निखारकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार करते हैं : डॉ. अग्रवाल

अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खेल दिवस पर श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पांच खेल प्रशिक्षक सम्मानित

ऋषिकेश, 20 सितंबर(दिलीप शर्मा): अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खेल दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विभिन्न खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रशिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट करने के साथ ही मिष्ठान खिलाकर उनका अभिनंदन किया।

सम्मानित होने वाले प्रशिक्षकों में यशपाल ओली (टेनिस एवं चेस), अमित शर्मा (क्रिकेट), अक्षय पंत (वॉलीबॉल), दीपा भारद्वाज (एथलेटिक्स) और अभिषेक यादव (एथलेटिक्स) शामिल रहे।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता के विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन देने में खेल प्रशिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षक युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का कार्य करते हैं और खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करते हैं। ऐसे में प्रशिक्षकों का योगदान खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही देश और प्रदेश के लिए प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने में भी महत्वपूर्ण है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप युवा विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सम्मानित सभी प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं को खेलों के प्रति अधिक से अधिक प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजलवान, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, मनोनीत पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, भाजपा नेता एवं समाजसेवी राजवीर रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button