कोटी कॉलोनी में शुरू हुआ 14 दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स का दूसरा बैच
देशभर से पहुंचे प्रशिक्षु, टिहरी झील के अनुकूल वातावरण में सीख रहे वाटर स्कीइंग के गुर




टिहरी गढ़वाल, 21 सितंबर(दिलीप शर्मा): पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग की ओर से आयोजित 14 दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स के द्वितीय बैच का शुभारंभ टिहरी झील स्थित कोटी कॉलोनी में हो गया है। कोर्स में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षु वाटर स्कीइंग के तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे हैं।
संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने बताया कि कोटी कॉलोनी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए अनुकूल स्थलों में शामिल है। यहां का स्वच्छ जल और प्राकृतिक वातावरण वाटर स्पोर्ट्स प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तर्ज पर इस वर्ष भी संस्थान की ओर से 14-14 दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स के तीन बैच आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष देशभर से 25 प्रशिक्षुओं ने कोर्स के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 21 प्रशिक्षुओं ने संस्थान में उपस्थिति दर्ज कराई है। वर्तमान में इन प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
कोर्स में मुख्य प्रशिक्षक परवीन सिंह रांगड़, खलील शब्बीर और अरविंद राठौड़ी प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। वहीं चेतन, रावत, विक्रम, प्रताप, अभिषेक, अबरार, नेहा, जोशी, सलीम, शिवम, दीपक और सागर सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षु प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे हैं।
वाटर स्कीइंग कोर्स के माध्यम से प्रतिभागियों को जल क्रीड़ा की तकनीक, संतुलन, सुरक्षा और व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कोटी कॉलोनी में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे प्रशिक्षुओं की मौजूदगी टिहरी झील को साहसिक पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में भी रेखांकित कर रही है।





