नशे की लत पूरी करने के लिए चुराते थे स्कूटी, तीन आरोपी गिरफ्तार
दो चोरी की होंडा एक्टिवा बरामद, आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, देहरादून रोड निवासी हर्षित अग्रवाल की स्कूटी (UK14 9020) चोरी हो गई थी। वहीं, तीन नवंबर को आवास विकास निवासी हर्षित सनाढ्य की स्कूटी (UK14 AY 1921) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने चार नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर आईडीपीएल फायर स्टेशन के पास दबिश दी। यहां दो स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी और जांच में दोनों स्कूटी चोरी की निकलीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष छेत्री (22) निवासी आईडीपीएल गेस्ट हाउस के पास, कृष (21) और रवि (25) निवासी सुभाष नगर, बनखंडी ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से सफेद और ग्रे रंग की दो होंडा एक्टिवा बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक के नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करते थे। उन्होंने तीन नवंबर की रात आवास विकास कॉलोनी और कुछ दिन पहले देहरादून रोड स्थित गुरुद्वारा वाली गली से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों मुकदमों में बरामदगी के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी: उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, कांस्टेबल कुलदीप, शिवोम कुमार, विनीत कुमार, सौरभ वालिया, तेज सिंह, दिनेश महर और अभिषेक शामिल रहे।




