
ऋषिकेश, 6 नवंबर(दिलीप शर्मा): धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के पांच चिकित्सकों को सम्मानित किया।
इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने डॉ. सुशील सेमवाल, डॉ. जसवंत सिंह, डॉ. संदीप भंडारी, डॉ. अंजना एवं डॉ. नीरज नौटियाल को शॉल ओढ़ाकर, माला एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं, जो दिन-रात समर्पण भाव से मानव जीवन की रक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे रहते हैं। भगवान धन्वंतरि आरोग्य के देवता हैं। ऐसे पावन अवसर पर चिकित्सकों का सम्मान उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, पूर्व सैनिक सोबन कैंतुरा, गोपाल सती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





