उत्तराखंडऋषिकेश

कूड़ाघर आंदोलन में हंगामा, पुलिस पर कूड़ा फेंकने के आरोप में मुकदमा

कूड़ाघर संघर्ष समिति की रैली में 300 से 400 लोग हुए शामिल, महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): गुमानीवाला स्थित कूड़ाघर को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर निकाली गई रैली के दौरान हंगामा करने, पुलिस बैरियर तोड़ने का प्रयास करने और पुलिसकर्मियों पर कूड़ा फेंकने के आरोप में ऋषिकेश पुलिस ने कई नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को कूड़ाघर संघर्ष समिति गुमानीवाला की ओर से लालपानी, गुमानीवाला से विधायक कैंप कार्यालय, बैराज रोड ऋषिकेश तक बिना अनुमति रैली निकाली गई। रैली में करीब 300 से 400 लोग शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ तहसीलदार ऋषिकेश भी मौके पर मौजूद थे।

आरोप है कि प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरियर को बलपूर्वक तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही प्रदर्शनकारियों द्वारा अपने साथ लाया गया घरेलू कूड़ा पुलिसकर्मियों पर फेंकने, गाली-गलौच करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।

मामले में पुलिस ने देवेंद्र बेलवाल, दिनेश चंद्र (मास्टर जी), लालमणि रतूड़ी, राजेंद्र गैरोला, उषा चौहान, संदीप भंडारी, हिमांशु रावत, रंजीत थापा, हिमांशु पंवार, रमजान, संजय सिलस्वाल, राजेंद्र गुनसोला, मुकेश भट्ट, रीना रांगड़ निवासी रूसा फार्म, परवीन सजवान निवासी गंगानगर, सतीश रावत पूर्व प्रधान भट्टोवाला, लाल सिंह बोरा एवं सुधीर राय सहित कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 221, 191(2) और 190 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है। ऋषिकेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से उठाएं तथा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button