उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

वर्षों की जलभराव की समस्या पर लगेगा विराम, आडवाणी प्लॉट के लिए 8 करोड़ मंजूर

वित्तीय स्वीकृति मिलने पर ग्राम प्रधान सागर गिरी सहित जनप्रतिनिधियों ने विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जताया आभार

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला स्थित आडवाणी प्लॉट में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके लिए 8 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर रायवाला के ग्राम प्रधान सागर गिरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया।

इस दौरान ग्राम प्रधान सागर गिरी ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के प्रयासों और नेतृत्व में क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं। गंगा किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों, टाइल्सयुक्त सड़कों के निर्माण और घर-घर तक पेयजल लाइन पहुंचाने जैसे कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि आडवाणी प्लॉट में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत है। इससे बरसात के मौसम में वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को निजात मिलने की उम्मीद है।

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने के साथ ही मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आडवाणी प्लॉट में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए मिली वित्तीय स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप नेगी, पंचायत सदस्य रश्मि उनियाल, प्रमिला देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button