नाबालिग से जुड़े दो गंभीर मामलों में ऋषिकेश पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने और नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपों में हुई गिरफ्तारी, एक आरोपी देवरिया और दूसरा आईडीपीएल क्षेत्र से पकड़ा गया




ऋषिकेश, 21 सितंबर(दिलीप शर्मा): नाबालिगों से संबंधित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को शांति नगर, ऋषिकेश निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नाबालिग होने के दौरान उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0-329/2026, धारा 69/308 बीएनएस तथा धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दबिश दी। लगातार तलाश और पतारसी के दौरान आरोपी गोलू मद्धेशिया उर्फ सत्यम मद्धेशिया (25) अपने घर की छत पर छिपा मिला। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे उसके घर, मोहल्ला आजाद नगर, थाना बरहज, जनपद देवरिया से 20 सितंबर को शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरे मामले में 19 सितंबर 2026 को कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल, वीरभद्र, ऋषिकेश निवासी महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ यौन संबंध बनाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0-471/2026, धारा 137(2)/64 बीएनएस एवं धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में पुलिस टीम द्वारा आईडीपीएल क्षेत्र में आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी सुमित दास (28) आईडीपीएल गोल चक्कर के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी 20 सितंबर को रात 8:25 बजे की गई।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश द्वारा पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम को नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी
- सुमित दास (28 वर्ष), पुत्र जनमदास, निवासी ग्राम ओखला चांठी, लंबगांव, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी धर्मपुर, देहरादून।
- गोलू मद्धेशिया उर्फ सत्यम मद्धेशिया (25 वर्ष), पुत्र नंदकिशोर मद्धेशिया, निवासी मोहल्ला आजाद नगर, थाना बरहज, जनपद देवरिया, उत्तर प्रदेश।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, महिला उपनिरीक्षक सीमा राघव, उपनिरीक्षक ज्योति, कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, कांस्टेबल उदयवीर सिंह, कांस्टेबल दिनेश महर और कांस्टेबल मिथिलेश प्रसाद पुलिस टीम में शामिल रहे।





