



ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय परिसर में सोमवार को नवनियुक्त नामित पार्षदों का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम के महापौर शम्भू पासवान ने सभी नवनियुक्त नामित पार्षदों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नवनियुक्त सदस्यों ने नगर के विकास और नागरिकों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

उत्तराखंड शासन के शहरी विकास अनुभाग की ओर से उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगर निगम ऋषिकेश के लिए जितेन्द्र पाल पाठी, सोनू पाण्डे, पूनम डोभाल, आशु अरोड़ा, गौरव कांत कैंथोला, सुमन रावत, ऋषि राजपूत एवं कमल शर्मा को नाम निर्दिष्ट सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर शम्भू पासवान ने सभी नवनियुक्त नामित पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश के समग्र और चहुंमुखी विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, मूलभूत सुविधाओं में सुधार तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त सदस्यों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विकास और जनसेवा को बताया प्राथमिकता
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवनियुक्त नामित पार्षदों ने उत्तराखंड शासन और महापौर शम्भू पासवान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया जाएगा। साथ ही नगर के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
समारोह में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





