उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वाल

राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए टिहरी से खिलाड़ियों का चयन

जिला स्तरीय ट्रायल में करीब 100 बालक-बालिकाओं ने लिया हिस्सा, खेल क्षमता और फिटनेस के आधार पर हुआ चयन

टिहरी गढ़वाल,20 सितंबर(दिलीप शर्मा): आगामी 2 से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए जनपद टिहरी गढ़वाल की टीम के चयन को लेकर रविवार को जिला स्तरीय खो-खो ट्रायल आयोजित किया गया। जिला खेल कार्यालय, टिहरी गढ़वाल एवं उत्तराखंड खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त समन्वय से आयोजित ट्रायल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 100 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल क्षमता, गति, तकनीकी कौशल, फिटनेस और मैदान पर प्रदर्शन को चयन का आधार बनाया गया। चयन प्रक्रिया के बाद चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में जनपद टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के प्रति निरंतर मेहनत और समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।

ट्रायल के दौरान खेल विभाग के खो-खो कोच हेमंत भारती, खो-खो कोच मनीष गिरी गोस्वामी, खो-खो कोच वैभव शर्मा, हिमांशु नौटियाल और दीपक रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, उत्तराखंड खो-खो एसोसिएशन के सहायक सचिव प्रदीप कोठारी भी चयन प्रक्रिया में निर्णायक के रूप में शामिल रहे।

जिला स्तरीय ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टिहरी जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले की खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Back to top button