अनुसूचित जाति वर्ग के खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर व जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 सितंबर से
कबड्डी प्रशिक्षण शिविर में 30 खिलाड़ी होंगे शामिल, अंडर-19 वर्ग में बैडमिंटन व टेबल-टेनिस प्रतियोगिताएं 26-27 सितंबर को



टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): अनुसूचित जाति वर्ग के बालक-बालिकाओं को खेलों के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से जिले में विशेष प्रशिक्षण शिविर एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से इन खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत ने बताया कि कबड्डी का जिला स्तरीय विशेष प्रशिक्षण शिविर 21 से 27 सितंबर 2026 तक श्री पूर्णानंद स्टेडियम, मुनि की रेती में आयोजित होगा। शिविर में कुल 30 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, जिनमें 15 बालक और 15 बालिकाएं शामिल होंगी।
शिविर के लिए चयनित खिलाड़ियों को खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशिक्षण के साथ भोजन, आवासीय सुविधा, आने-जाने का किराया, अनुसांगिक व्यय तथा खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को 21 से 27 सितंबर तक खेल विभाग की देखरेख में शिविर में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा।
इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 26 और 27 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएंगी। बैडमिंटन प्रतियोगिता जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर स्थित बैडमिंटन हॉल तथा टेबल-टेनिस प्रतियोगिता टेबल-टेनिस हॉल में होगी।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली टीमों को खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए क्रीड़ा प्रशिक्षक अमित प्रजापति से 8979419076 तथा टेबल-टेनिस प्रतियोगिता के संबंध में प्रशिक्षक सुमित जोशी से 9557396263 पर संपर्क किया जा सकता है।





