जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
लंबित कार्य अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक शुरू करने के निर्देश, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर जोर




टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण निर्माण, लोक निर्माण, प्राथमिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न विकास कार्यों की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से टेंडर, ओपन टेंडर और निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। प्राथमिक शिक्षा विभाग के 79 नए कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अगली बैठक में प्रत्येक कार्य की प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि सहित अद्यतन प्रगति प्रस्तुत करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग के लंबित कार्यों को अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक शुरू करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जगधार में लैंडमार्किंग तथा गंगी क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण प्रभावित कार्यों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




