



ऋषिकेश,19 सितंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विधानसभा क्षेत्र में बरसात से क्षतिग्रस्त विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्गों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कर यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

डॉ. अग्रवाल ने लक्कड़ घाट रोड, हाट बाजार रोड, खदरी रोड, अमित ग्राम, भट्टोवाला मार्ग और कृष्ण नगर कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी के साथ निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

अमित ग्राम में सड़क किनारे लगाई जा रही टाइल्स के कार्य का भी निरीक्षण करते हुए डॉ. अग्रवाल ने गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के साथ आवश्यक स्थानों पर स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




