उत्तराखंडऋषिकेश

नदी के उफान पर एसडीआरएफ अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में जारी की जा रही चेतावनी

 

ऋषिकेश, 5 अगस्त 2025- लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे जनपद के विभिन्न घाटों और तटवर्ती इलाकों में खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

एसडीआरएफ की टीमों द्वारा नदी के किनारे बसे संवेदनशील क्षेत्रों में अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नदी के किनारे रह रहे स्थानीय लोगों से बार-बार अपील की जा रही है कि वे नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि जलस्तर और अधिक बढ़ता है, तो किनारे पर बने मकानों में रह रहे लोगों से आग्रह किया गया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।

 

टीम ने त्रिवेणी घाट, जानकी पुल, एवं अन्य प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित खतरे का आकलन किया है। जिन क्षेत्रों में जलस्तर खतरनाक सीमा के पास पहुंच रहा है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एसडीआरएफ अधिकारी के अनुसार, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और टीमों को तैयार रखा गया है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें, और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button