सड़क सुरक्षा को लेकर एम्स-परिवहन विभाग की संयुक्त जागरूकता रैली
ट्रैफिक नियमों के पालन से ही कम होंगी सड़क दुर्घटनाएं: प्रो. मीनू सिंह

ऋषिकेश, 9 फरवरी (दिलीप शर्मा): सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को एम्स ऋषिकेश एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया।

इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि ट्रॉमा के अधिकांश मामले सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े होते हैं। यदि वाहन चालक यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहें और उनका ईमानदारी से पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है, जिसे सतर्कता और अनुशासन से कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में डीन एकेडेमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय ने युवाओं और कॉलेज छात्र-छात्राओं को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से किशोर एवं युवा वर्ग को यातायात नियमों का प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने को अनिवार्य रूप से लागू करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के संयोजक एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. मधुर उनियाल ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियानों को प्रत्येक जनपद में संचालित किया जाना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके। उन्होंने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और जीवन रक्षा का संदेश देना है।
इस अवसर पर ट्रॉमा विभाग के प्रमुख प्रो. कमर आजम, न्यूरो सर्जन प्रो. के. गणपथि सहित अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे।
एआरटीओ ऋषिकेश रश्मि पंत एवं रावत सिंह ने लोगों से नियंत्रित गति से वाहन चलाने, सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के लिए यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई।
संस्थान के गेट नंबर-2 से निकाली गई यह रैली कोयलघाटी तिराहे से होते हुए नैपालीफार्म में संपन्न हुई। रैली में लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग के प्रतिनिधियों सहित एम्स की चीफ नर्सिंग ऑफिसर अनिता रानी कंसल, पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती, डीएनएस उमेश शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर विनय पाल सिंह भाटी, शशिकांत, अखिलेश उनियाल, ताराचंद सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।









