उत्तराखंडटिहरी गढ़वालदुर्घटनामुनि की रेती

ढलवाला के पास स्कूटी फिसलने से दो बच्चे घायल

PWD तिराहा पर हादसा, होमगार्ड प्रकाश आर्य की तत्परता से टला बड़ा संकट 

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): ढलवाला क्षेत्र में पुलिस चौकी के सामने स्थित ब्याज गली निवासी प्रेम थापा के दो बच्चे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, प्रेम थापा की पुत्री परी (11 वर्ष) और पुत्र रौनक (8 वर्ष) अपनी मां के साथ स्कूटी से आ रहे थे। जैसे ही वे PWD तिराहा के पास पहुंचे, अचानक स्कूटी फिसल गई और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

मौके पर तैनात होमगार्ड्स ने दिखाई मुस्तैदी

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ड्यूटी पर तैनात टीपी नरेंद्र, एचजी सुरेंद्र और एचजी 1109 प्रकाश आर्या ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्चों को सुरक्षित उठाया। बिना समय गंवाए बच्चों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी ड्रेसिंग कर प्राथमिक उपचार कराया गया।

होमगार्ड प्रकाश आर्या की सराहनीय भूमिका

इस पूरे घटनाक्रम में होमगार्ड प्रकाश आर्या की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने न केवल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि उपचार के बाद दोनों बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द भी किया।
स्थानीय लोगों ने होमगार्ड्स की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई मदद से बड़ा हादसा टल गया।
समय पर उपचार से खतरे से बाहर बच्चे
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चों को हल्की चोटें आई थीं और वे अब खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी अपनी जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय कर्तव्य का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button