उत्तराखंडक्राइमदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

रानीपोखरी में मजदूर की हत्या का चौबीस घंटे मे खुलासा

पैसों के विवाद में हथौड़े से वार, बेगूसराय निवासी फरार  आरोपी गिरफ्तार

 

देहरादून, 28 फरवरी (दिलीप शर्मा): थाना रानीपोखरी क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के अंदर मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घटना के दो दिन बाद पुलिस ने धर दबोचा।

निर्माणाधीन मकान में मिला था शव

26 फरवरी 2026 को थाना रानीपोखरी पुलिस को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति को जौली ग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।

भाई ने की शिनाख्त

27 फरवरी को मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने शव की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में की। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक के भाई ने थाना रानीपोखरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी ने हत्या की है। तहरीर के आधार पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई टीमें

घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार था।

सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 28 फरवरी 2026 को आरोपी पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय शहर (बिहार) को भूईया मंदिर, थानों रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और बबलू धारकोट क्षेत्र में साथ मजदूरी करते थे। 22 फरवरी की रात पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

शरीर में कोई हलचल न होने पर आरोपी घबरा गया और अगले दिन सुबह मृतक के ऊपर कंबल डालकर कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। तब से वह पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर छिपता फिर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी
  • पप्पू साहनी पुत्र रामशरण
    निवासी — वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय शहर, बिहार
पुलिस टीम
  • उपनिरीक्षक हरीश सती
  • उपनिरीक्षक मनवर सिंह नेगी, थाना रायवाला
  • उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह
  • उपनिरीक्षक राजकुमार, कोतवाली ऋषिकेश
  • कांस्टेबल मनोज कुमार
  • कांस्टेबल शशिकांतपुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button