
ऋषिकेश, सोमवार (दिलीप शर्मा): उत्तराखंड परिवहन निगम की एक तेज रफ्तार बस (संख्या UK07PA 8999) ने ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर सड़क पार कर रही भेड़ों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में सात भेड़ें बस की चपेट में आ गईं, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृत भेड़ों के अंग सड़क पर बिखर गए और चारों ओर खून फैल गया। एक भेड़ गर्भवती बताई जा रही है, जिसका पेट फट गया था। हादसे के दौरान उसके दो शावक बाहर निकल आए, लेकिन तब तक भेड़ की मृत्यु हो चुकी थी। घटनास्थल का दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग भावुक हो उठे।
भेड़ों के स्वामी ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे की हालत में था। उनका कहना है कि जब उन्होंने चालक से बात की तो उसके मुंह से शराब जैसी गंध आ रही थी। पुलिस के अनुसार बस ओवरस्पीड में थी और चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल व मृत भेड़ों को पिकअप वाहन के माध्यम से हटाया गया। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है की जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।










