
ऋषिकेश, 03 मार्च (दिलीप शर्मा): होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस के अंतर्गत कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में मंगलवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च चौकी श्यामपुर क्षेत्र में चौकी प्रभारी श्यामपुर के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान गुज्जर प्लाट, गुमानीवाला, भट्टोवाला एवं चोपड़ा फार्म सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित कर होली पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में सतत गश्त एवं निगरानी रखी जाएगी, ताकि आमजन सुरक्षित एवं निर्भीक होकर होली का पर्व मना सकें।










