उत्तराखंडऋषिकेश

लाल पानी में निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का महापौर ने किया औचक निरीक्षण

मशीनों का इंस्टॉलेशन अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा संचालन; गोविंद नगर ट्रेंचिंग ग्राउंड के लीगेसी वेस्ट से मिलेगी राहत

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और वर्षों पुरानी कूड़े की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महापौर ने शुक्रवार को लाल पानी (कक्ष संख्या–1) स्थित निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निस्तारण एवं प्रोसेसिंग प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को बताया कि प्लांट के लिए आवश्यक सभी आधुनिक मशीनें कार्यस्थल पर पहुंच चुकी हैं और वर्तमान में मशीनों का इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही परियोजना से संबंधित सिविल और तकनीकी कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिसके बाद जल्द ही प्लांट का संचालन शुरू किया जा सकेगा।

महापौर ने कहा कि इस प्लांट के शुरू होने से ऋषिकेश शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्लांट के संचालन में आने के बाद शहर के हृदय स्थल गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा कूड़े (लीगेसी वेस्ट) का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को लंबे समय से हो रही दुर्गंध और अन्य समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना का क्रियान्वयन भारतीय राष्ट्रीय कृषक उपज उपार्जन, प्रसंस्करण एवं फुटकर सहकारी संघ मर्यादित (नैकोफ) द्वारा किया जा रहा है। महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश, अधिशासी अभियंता तथा निर्माण इकाई के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button