उत्तराखंडटिहरी गढ़वालट्रैफिक व्यवस्थादुर्घटना

शिवपुरी में होली के दौरान भारी जाम के बीच घायल युवती को ट्रैफिक पुलिस ने पहुंचाया एम्स

प्रभारी निरीक्षक नदीम अख्तर के निर्देशन में पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता,जाम के बीच इंटरसेप्टर से एस्कॉर्ट कर बचाई घायल की जान 

 

ऋषिकेश/शिवपुरी, 4 मार्च(दिलीप शर्मा):होली के अवसर पर शिवपुरी क्षेत्र में लगे भारी ट्रैफिक जाम के बीच ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया।

जाम में फंसी एक युवती के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर ट्रैफिक पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उसे सुरक्षित एम्स ऋषिकेश पहुंचाया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ीसा निवासी एक युवती जिसका नाम लिपसा रानी उम्र 20 वर्ष शिवपुरी क्षेत्र में स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान भारी भीड़ और जाम के बीच उसका दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं जाम के कारण घायल को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया था।

इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के प्रभारी निरीक्षक नदीम अख्तर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला। कांस्टेबल सुरेंद्र जस्ता, हमरा नीरज तथा होमगार्ड 1109 प्रकाश आर्य ने बिना समय गंवाए मानवता का परिचय देते हुए एक निजी कार की व्यवस्था की और जाम में फंसे वाहनों को हटाकर रास्ता बनाया।

इसके बाद ट्रैफिक पुलिस की इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से घायल युवती को एस्कॉर्ट करते हुए तेज़ी से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उसे तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल घायल को समय पर उपचार मिल सका, बल्कि मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर मदद नहीं करती तो जाम के कारण घायल को अस्पताल पहुंचाने में काफी देर हो सकती थी।

होली के पर्व पर जहां एक ओर भारी भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालना बड़ी चुनौती थी, वहीं ट्रैफिक पुलिस ने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ मानवता का परिचय देते हुए एक घायल की जान बचाने का सराहनीय कार्य किया। क्षेत्रीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Related Articles

Back to top button