Blogउत्तराखंडऋषिकेश

होली पर गंगा में बड़ा हादसा टला, एसडीआरएफ ने तेज धारा से युवक को किया रेस्क्यू

नीम बीच से लक्ष्मण झूला तक गश्त के दौरान बीच धारा में बहता मिला युवक, सीपीआर देकर अस्पताल भिजवाया

ऋषिकेश, 04 मार्च (दिलीप शर्मा): होली पर्व के अवसर पर एसडीआरएफ टीम ढालवाला द्वारा नीम बीच क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई। पर्व के मद्देनज़र टीम ने ओबीएम मोटर बोट के माध्यम से नीम बीच से लक्ष्मण झूला तक निरंतर गश्त की। इस दौरान गंगा घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जलस्तर एवं तेज धारा को देखते हुए लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क रहने और नदी में आगे न बढ़ने की चेतावनी दी गई।

 

होली के चलते नदी किनारों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ टीम लगातार निगरानी करती रही।

 

गश्त के दौरान टीम की नजर गंगा नदी की बीच धारा में बहते एक युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए टीम ने त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए मोटर बोट के माध्यम से युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद युवक की हालत गंभीर पाई गई, जिस पर टीम ने तत्काल सीपीआर प्रदान किया। युवक अचेत अवस्था में था।

बाद में जिला पुलिस के सहयोग से 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए युवक को अस्पताल भिजवाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार (20 वर्ष), पुत्र श्री धर्मपाल, निवासी ग्राम वल्वागढ़, थाना वल्वागढ़, जनपद फरीदाबाद (हरियाणा), ब्रह्मपुरी क्षेत्र में स्नान के दौरान पैर फिसलने से गंगा की तेज धारा में बह गया था।

होली पर्व के दौरान एसडीआरएफ टीम ने आमजन से अपील की है कि नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button