उत्तराखंडटिहरी गढ़वालस्पोर्ट्स

टिहरी लेक फेस्टिवल में करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, 16 टीमों का भव्य मार्च पास्ट

नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ, देश-प्रदेश की टीमें ले रहीं हिस्सा

 

नई टिहरी (दिलीप शर्मा): टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत आयोजित जनरल के.एम. करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का शुक्रवार को भव्य मार्च पास्ट के साथ आगाज हो गया। नई टिहरी में पडियार हाउस (नियर डाइजर) से बौराड़ी स्टेडियम तक प्रतिभाग करने वाली सभी 16 टीमों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट निकाला।

 

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मार्च पास्ट को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और टीम प्रबंधक उपस्थित रहे।

बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय/राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें ओल्ड स्टार टिहरी, टिहरी यंग, नॉर्थ कमांड, आईआईएमटी मेरठ, 13 गढ़वाल राइफल, 16 गढ़वाल राइफल, पिथौरागढ़ एफसी, हरियाणा सिटी एफसी, आरआरएफसी रुद्रप्रयाग, नोएडा एफसी, दून वारियर्स एफसी, यंग स्टार देहरादून, कोटद्वार एफसी, दिल्ली पुलिस, गढ़वाल हीरोज दिल्ली तथा सम्राट स्पोर्ट्स की टीमें शामिल हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत वर्ष 1951 में पुरानी टिहरी से हुई थी। अब इसे हर वर्ष नई टिहरी में भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से टिहरी के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और यहां की यादगार स्मृतियां अपने साथ लेकर जाने की अपील की।

नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव क्षेत्र के पर्यटन और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से टिहरी झील तथा जनपद के अन्य दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी टीमों के खिलाड़ी और टीम प्रबंधक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button