
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : पशुलोक बैराज के निकट नदी के बीच बने एक टापू पर फंसे युवक को एसडीआरएफ की टीम ने देर रात कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रात्रि के अंधेरे, तेज जल प्रवाह और दुर्गम नदी तटों के बावजूद टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सफल रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 मार्च 2026 की रात्रि में ऋषिकेश कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला को सूचना मिली कि पशुलोक बैराज के पास नदी के बीच बने एक टापू पर एक युवक फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पशुलोक बैराज से कुनाऊ गांव की दिशा में लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ टीम ने नदी के दुर्गम किनारों और तेज बहाव के बीच सघन सर्च अभियान शुरू किया।
लगातार खोजबीन के बाद टीम को कुनाऊ गांव से लगभग दो किलोमीटर आगे नदी के बीच बने टापू पर युवक फंसा हुआ मिला। एसडीआरएफ जवानों ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष ममगई (20 वर्ष), निवासी इंद्र नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है, जो बीटेक का छात्र है। रेस्क्यू के बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।










