उत्तराखंडऋषिकेशयोग

12वां दून योग महोत्सव व द्वितीय ऋषिकेश योग महोत्सव 8 से 10 अप्रैल तक

देहरादून/ऋषिकेश,7 अप्रैल(दिलीप शर्मा): देवभूमि उत्तराखंड को वैश्विक वेलनेस हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 12वां दून योग महोत्सव एवं द्वितीय ऋषिकेश योग महोत्सव का आयोजन 8 से 10 अप्रैल तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 8 अप्रैल को प्रातः बी.एस. नेगी महिला पॉलिटेक्निक, ओएनजीसी, राजेंद्र नगर देहरादून में निःशुल्क योग शिविर के साथ होगा।

अभियान के प्रणेता योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकालीन योग सत्र के पश्चात सुबह 10 बजे योग आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान विशेष सेमिनार आयोजित होंगे और योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले योगाचार्यों एवं साधकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल सायं 6 बजे स्वामी नारायण आश्रम, शीशम झाड़ी, ऋषिकेश में विशेष गंगा आरती एवं ध्यान सत्र के साथ द्वितीय ऋषिकेश योग महोत्सव का शुभारंभ होगा। 9 एवं 10 अप्रैल को ऋषिकेश में विभिन्न योग सत्रों, ध्यान कक्षाओं और कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड के गांवों को योग एवं आयुर्वेद ग्राम के रूप में विकसित करने पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

महोत्सव के सफल आयोजन में बी.एस. नेगी महिला पॉलिटेक्निक ओएनजीसी देहरादून, स्वामी नारायण आश्रम ऋषिकेश, स्वामी जीतानंद योग संस्थान, एवरेस्ट योग संस्थान लुधियाना सहित राज्य के विश्वविद्यालयों एवं विभिन्न योग संस्थानों का सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इस आयोजन में महायोगी जीतानंद जी महाराज, योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी, स्वामी नारायण आश्रम के परमाध्यक्ष सुनील भगत सहित अनेक योग गुरु एवं शिक्षक प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। महोत्सव के दौरान योग साधकों द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास भी किए जाएंगे तथा “महर्षि पतंजलि अंतरराष्ट्रीय योग रत्न सम्मान 2026” से विशिष्ट योग साधकों को सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button