

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र में आज प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 46 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में नवीन प्रवेश लिया, जिनका स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने कहा कि विद्यालय में केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 31 की पार्षद मुस्कान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सभी विषयों के अनुभवी एवं विद्वान शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सफल भविष्य की ओर अग्रसर होते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता नरेंद्र सिंह रावत, सुरेश बलोदी, अनूप वशिष्ठ, ललित मोहन जोशी, श्रीमती नीरजा करनवाल, श्रीमती ज्योति लोहानी, श्रीमती मोनिका रौतेला, विनोद पवार सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।










