

ऋषिकेश, 8 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज पवित्र बद्रीनाथ धाम की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा के ऋषिकेश पहुंचने पर सहभागिता की। यह यात्रा भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने से पूर्व आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है।
इस दौरान उन्होंने हेमंत द्विवेदी से मुलाकात की तथा परमपूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि गाडू घड़ा यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस परंपरा के तहत नरेंद्र नगर राजमहल से टिहरी की महारानी के मार्गदर्शन में रानी सहित सुहागिन महिलाएं तिलों का पवित्र तेल लेकर विभिन्न स्थानों से होते हुए बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करती हैं। यह पवित्र तेल भगवान बद्री विशाल के अभिषेक में उपयोग किया जाता है, जिससे आगामी छह माह तक नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होती है।

उन्होंने आगे बताया कि इस पावन यात्रा की शुरुआत नरेंद्र नगर राजमहल में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं तिलों के तेल के संग्रहण के साथ होती है। इसके बाद यह यात्रा विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए बद्रीनाथ धाम पहुंचती है, जहां कपाट खुलने के पश्चात भगवान का अभिषेक इसी तेल से किया जाता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, जो समाज में आस्था, श्रद्धा और एकता का संदेश देती है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर की शुभकामनाएं दीं।










