ऋषिकेश-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग बगड़धार में अवरुद्ध, यातायात प्रभावित
मलबा और भूस्खलन बना कारण; वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही जारी, प्रशासन सतर्क


चम्बा/टिहरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश से चम्बा (टिहरी गढ़वाल) को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग बगड़धार क्षेत्र में अचानक अवरुद्ध हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने का मुख्य कारण पहाड़ी से गिरा मलबा और संभावित भूस्खलन बताया जा रहा है, जिससे यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि बगड़धार क्षेत्र में एसडीआरएफ एवं स्थानीय स्तर पर मार्ग से मलबा हटाकर यातायात को आंशिक रूप से सुचारू किया गया है। वाहनों की आवाजाही जारी है।
सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंच गई और मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों के माध्यम से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही मार्ग को पूरी तरह बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा करने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बरसात और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भू-स्खलन के चलते सतर्कता बरतना जरूरी बताया गया है।










