

ऋषिकेश/रायवाला 8 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला (प्रतीत नगर) में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्प वर्षा और फूलमालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 5 लाख रुपये की धनराशि तथा 30 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
इस मौके पर अजय साहू ने विधायक के कार्यकाल में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के लिए जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विद्युत लाइनों पर बंचिंग केबल, पेयजल आपूर्ति और सड़क निर्माण जैसे मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी ने विश्वास जताया कि जनता ने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल को पुनः भारी बहुमत से विजयी बनाने का मन बना लिया है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, गणेश रावत, बलविंदर सिंह, कमल कुमार, चित्रवीर छेत्री, देवेंद्र नेगी, लक्ष्मी गुरुंग, गीता थापा, हिमगिरी, शिवकुमार पाल, यशोदा नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










