

ऋषिकेश, 10 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप में शुक्रवार सुबह आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। कंट्रोल रूम ऋषिकेश से सुबह 10:46 बजे सूचना मिली कि ट्रांजिट कैंप के द्वितीय तल पर आग लग गई है और कई यात्री अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक कविन्द्र सजवाण के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम 10:47 बजे मुख्यालय ढालवाला से घटनास्थल के लिए रवाना हुई और महज 5 मिनट में 10:52 बजे मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने सबसे पहले इंसीडेंट कमांडर से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली, जिसमें पुष्टि हुई कि भवन के दूसरे तल पर आग लगी हुई है और अंदर कई लोग फंसे हुए हैं।
🔥 दो टीमों में बंटकर चलाया गया रेस्क्यू अभियान
टीम कमांडर ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन को गति देते हुए दो अलग-अलग सब-टीमों का गठन किया।
पहली टीम ने PPE किट और अन्य आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से भवन के अंदर सुरक्षित रास्ता बनाते हुए फंसे लोगों तक पहुंच बनाई। घायलों को एक-एक कर स्टेचर और हार्ड बोर्ड के जरिए बाहर निकालकर निर्धारित ट्रायज एरिया में पहुंचाया गया।
दूसरी टीम ने भवन में फंसे 34 बच्चों और 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का महत्वपूर्ण कार्य किया। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद वाहनों के माध्यम से राहत शिविर GGIC ऋषिकेश भेजा गया।
🚑 घायलों का विवरण
रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल निम्न लोग प्रभावित पाए गए:
- गंभीर घायल – 02
- सामान्य घायल – 19
- बच्चे – 34
- यात्री – 26
🔍 पूरे भवन की गहन तलाशी
सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से पूरे भवन की गहन सर्चिंग की गई, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए।
⚠️ समय पर कार्यवाही से टला बड़ा हादसा
रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्यवाही और समन्वय के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे जनहानि होने से बच गई।










