

ऋषिकेश, 10 अप्रैल(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने श्यामपुर मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर 2026 में मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने केंद्र सरकार के प्रमुख निर्णयों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाना, तीन तलाक समाप्त करना, नागरिकता संशोधन कानून (CAA) लागू करना, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे कदमों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता के जीवन स्तर में सुधार का आधार बताया।

वहीं, उत्तराखंड सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून बनाने, युवाओं को रोजगार देने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने, पर्यटन विकास और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज देश और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, जिसका कारण स्पष्ट विजन और उसे लागू करने की मजबूत इच्छाशक्ति है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, जिला प्रभारी दान सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ध्यानी, कार्यक्रम अध्यक्ष गोविंद सिंह मेहर, मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, मंडल महामंत्री पंकज जुगलान, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा प्रज्ञा रावत, जिला महामंत्री युवा मोर्चा कौशल बिजल्वाण, जिला उपाध्यक्ष अमनदीप नेगी, अमनप्रीत सिंह, सीमा पयाल, सीमा व्यास, कमला नेगी, लक्ष्मी सेमवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










