

ऋषिकेश,10 अप्रैल(दिलीप शर्मा): नारायण स्वामी आश्रम में आचार्य विपिन जोशी द्वारा आयोजित 12वें योग महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधक, विद्यार्थी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने “करो योग, रहो निरोग” के संदेश के साथ प्रत्येक माह की 21 तारीख को योग दिवस के रूप में मनाने की पहल की थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज 177 देशों में योग का प्रचार-प्रसार हो रहा है। इसी के परिणामस्वरूप प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए सभी से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से व्यक्ति को सशक्त बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी, रामनगर और देहरादून सहित विभिन्न शहरों से आए प्रतिभाशाली बच्चों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास जी महाराज, स्वामी नारायण आश्रम के प्रबंधाध्यक्ष सुनील भगत जी महाराज, स्वामी जितानंद जी महाराज, आशीष कुकरेती, अनुष्का मिश्रा, रामकृष्ण पोखरियाल, डॉ. ज्योति चुफाल, तेजस्व मेहरा, दीक्षा मेहरा, अरनव पांडे, गीतानंद जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।










