उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी से वार्ता के बाद डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल स्थगित

27 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक आश्वासन के बाद महासंघ ने लिया निर्णय, 23 मार्च से जारी थी अनिश्चितकालीन हड़ताल

देहरादून,10 अप्रैल(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से चल रही डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर फिलहाल विराम लग गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई अहम बैठक के बाद उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने अपनी हड़ताल को राज्यहित में स्थगित करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों ने अपनी लंबित 27 सूत्रीय मांगों को विस्तार से रखा। इन मांगों में पदोन्नति, वेतनमान में सुधार तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने महासंघ के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को निर्बाध रूप से जारी रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और राज्य के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।

महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इं. आर.सी. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी 27 सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए महासंघ के सदस्य 23 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद महासंघ ने 10 अप्रैल 2026 को हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है।

हड़ताल स्थगित होने से राज्य में चल रहे निर्माण कार्यों और अन्य आवश्यक सेवाओं के पुनः सुचारू होने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार और कर्मचारियों के बीच बने इस सहमति के माहौल को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button