उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम का सख्त अभियान, 13 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

देहरादून रोड क्षेत्र में छापेमारी, 9500 रुपये का अर्थदंड वसूला; चारधाम यात्रा से पहले व्यापारियों को सख्त चेतावनी

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज निगम की टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान देहरादून रोड क्षेत्र में 13 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास सिंगल यूज प्लास्टिक पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 9500 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।

नगर निगम द्वारा आगामी चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए समस्त व्यापारियों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध चालान के साथ-साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

इसके साथ ही निगम ने व्यापारियों से अपील की है कि वे इस स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और चारधाम यात्रा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जा सके।

चालानी कार्रवाई के दौरान सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल सहित निगम की टीम मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button