खाड़ी महाविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन
तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

खाड़ी/टिहरी(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल के राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में 23 एवं 24 अप्रैल 2026 को “शिक्षा की भूमिका : विद्यार्थियों एवं समुदायों में तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी का आयोजन आचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में शिक्षा शास्त्र की डॉ. संगीता बिज्लवाण जोशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का प्रथम दिवस हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित हुआ।
संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. संगीता बिज्लवाण जोशी एवं सचिव डॉ. मीना रहीं।
मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन
विशिष्ट वक्ताओं ने रखे अपने विचार
संगोष्ठी का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. एन.सी. त्रिवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक प्रोफेसर ओम प्रकाश पांडे तथा ऑनलाइन माध्यम से पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरिश्वर मिश्रा (महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा) ने विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
विशेषज्ञों ने बताए तनाव के कारण और समाधान
योग, व्यायाम और संतुलित जीवनशैली पर दिया जोर
कार्यक्रम में मनोचिकित्सक डॉ. नीरज कर्दम (जिला अस्पताल, टिहरी), डॉ. पंकज कुमार (NIEPVD, देहरादून), डॉ. अटल बिहारी त्रिपाठी (श्री देव सुमन विश्वविद्यालय, ऋषिकेश परिसर), डॉ. विजय कुमार राय (मॉडर्न कॉलेज ऑफ एजुकेशन, पंजाब) एवं डॉ. अमित कुमार जायसवाल (श्री देव सुमन विश्वविद्यालय, गोपेश्वर परिसर) ने तनाव प्रबंधन के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखने के लिए योग, नियमित व्यायाम, प्रेरणादायक साहित्य का अध्ययन और संगीत अत्यंत प्रभावी साधन हैं। साथ ही, संतुलित जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति अपने व्यावसायिक और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
तकनीकी सत्र में प्रस्तुत हुए शोध पत्र
डिजिटल डिटॉक्स से लेकर पारिवारिक परिवेश तक पर चर्चा
दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित प्रथम तकनीकी सत्र में देशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्वानों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
- पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की डॉ. कल्पना ठाकुर ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में “डिजिटल डिटॉक्स” की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
- मेघालय के कैप्टन विलियमसन संगमा स्टेट यूनिवर्सिटी की सुश्री गेमर सीमा ने पारिवारिक पारिस्थितिकी और बाल मानसिक स्वास्थ्य पर प्रस्तुति दी।
- केआर गर्ल्स पीजी कॉलेज, उत्तर प्रदेश की कोमल वार्ष्णेय ने करियर निर्णय में पारिवारिक वातावरण की भूमिका पर विचार रखे।
- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब की सुश्री अल्विना ने शिक्षा को तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपकरण के रूप में प्रस्तुत किया।
देशभर से प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता
ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से हुआ व्यापक विचार-विमर्श
संगोष्ठी में देशभर के शिक्षाविद, शोधार्थी एवं विशेषज्ञों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से सक्रिय भागीदारी करते हुए विषय पर गहन विचार-विमर्श किया।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रथम दिवस का समापन
कार्यक्रम के प्रथम दिवस का समापन प्रोफेसर निरंजना शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।











