टिहरी में भीषण सड़क हादसा: चंबा–कोटि मार्ग पर खाई में गिरी मैक्स, रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त
हरिद्वार से लौट रहे घनसाली क्षेत्र के यात्रियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त; कई की मौत, घायलों का इलाज जारी

चम्बा/टिहरी(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड चंबा अंतर्गत चंबा–कोटि मार्ग पर नैल के समीप एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया, जिसे अब पूर्ण कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के निवासी थे। वे हरिद्वार में एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उसी वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उच्च उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
प्रशासन द्वारा मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
हादसे में मृतक एवं घायल व्यक्तियों की सूची:
घायल:
- उत्तम (36 वर्ष), पुत्र पुसु
- अंकित (18 वर्ष), पुत्र आशा लाल
मृतक:
- विजयलाल (36 वर्ष), पुत्र पूखिलीय
- प्रेमलाल (37 वर्ष), पुत्र सम्पत लाल
- महावीर लाल (60 वर्ष), पुत्र बिभुलाल
- संहतलाल (65 वर्ष), पुत्र गोवालू
- शिव सिंह (35 वर्ष), पुत्र पुष्कर सिंह (चालक)
- आशा लाल (50 वर्ष), पुत्र आषाढू
- लक्ष्मण (33 वर्ष), पुत्र पूखिलीय
अन्य:
- राहुल (पुत्र का नाम ज्ञात नहीं)
प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।










